गार्ड की बहादुरी से बचा बैंक , गोली लगने के बाद भी लड़ता रहा गार्ड

सुनसान क्षेत्र में चल रहा है बैंक , गार्ड के पास नहीं था हथियार , रात को चौकीदार भी नहीं सीसीटीवी में कैद हुए आरोपित , दो बाईकों पर आए थे पांच बदमाश
रोहतक (हरियाणा) गांव मकड़ौली रोड़ पर सोमवार दोपहर को एक्सिस बैंक लूटने आए पांच बदमाशों को उल्टे पैर भागना पड़ा । बदमाशों ने बैंक में घुसने का विरोध करने पर निहत्थे गार्ड को गोली मार दी , इसके बावजूद गार्ड बदमाशों से भिड़ गया और बैंक को लूटने से बचा लिया । बदमाश गार्ड के साहस को देखते हुए अपनी बाइकों पर फरार हो गए ।
घायल गार्ड को उपचार के लिए पीजीआई भर्ती कराया गया है । घटना सीसीटीवी में कैद हुई है , जिसके आधार पर आरोपितों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है । पुलिस ने भी गार्ड की हिम्मत की सराहना की है । मकड़ौली रोड पर एक्सिस बैंक की शाखा है । लॉकडाउन की वजह से कामकाज प्रभावित हो रहा है । ग्राहक न के बराबर ब्रांच में आ रहे हैं । सोमवार की दोपहर के समय एक बजे दो बाइकों पर पांच बदमाश बैंक के गेट के पास पहुंचे । बदमाशों ने मुंह पर कपड़ा बांधा अचानक एक बैंक के अंदर घुसने लगा , जिसे गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड धामड़ निवासी 35 वर्षीय वीरेंद्र ने रोक लिया । बदमाश ने सिक्योरिटी गार्ड की कनपटी पर पिस्तौल लगा कर धमकी दी कि उसे अंदर जाने दें , बैंक लूटना है रोका तो हत्या कर देंगे । यह सुनते ही गार्ड ने बदमाश को दबोच लिया । बदमाश ने खुद को घिरता देख कर गोली चला दी । गोली गार्ड के कान और सिर को घायल करते हुए निकल गई । वीरेंद्र ने फिर भी हिम्मत नहीं हारी । वह बदमाश से अकेला ही भिड़ गया । गोली चलने की आवाज सुनकर बैंक के अंदर मौजूद कर्मचारी गेट की तरफ दौड़ । गार्ड ने आरोपितों का पीछा भी किया । विरोध होता देख कर बदमाश बाइकों पर सवार हो गए । बैंक कर्मचारियों ने घायल को उपचार के लिए पीजीआई भर्ती कराया । सूचना मिलते ही सदर थाना के इंस्पेक्टर शमशेर सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे । पुलिस ने केस दर्ज किया । सीसीटीवी में कैद हुए हैं बदमाश ।।

Post a Comment

0 Comments